मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर जोर
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में सोमवार को आगामी मुहर्रम पर्व 2026 को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान मुहर्रम के अवसर पर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, जुलूस मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की गई। उपायुक्त ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और इसकी जानकारी प्रशासन को दें।
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने ताजिया की ऊंचाई का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकालने की अपील की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।








