पीएम केयर्स योजना से लाभान्वित बच्चों से मिले उपायुक्त, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
निजाम खान
जामताड़ा। उपायुक्त की अध्यक्षता में बुधवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत लाभान्वित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि जामताड़ा जिले में इस योजना के तहत दो बच्चे लाभान्वित हैं। इनमें एक छात्र एनआईटी जमशेदपुर में सेमेस्टर-6 की पढ़ाई कर रहा है, जबकि दूसरा छात्र जिले के एक निजी विद्यालय में कक्षा-10 में अध्ययनरत है। समीक्षा के क्रम में एक बच्चे की फीस माफी के लिए संबंधित विद्यालय से पत्राचार करने तथा दोनों लाभुकों की अद्यतन जानकारी पीएम केयर्स पोर्टल पर समय पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के बाद उपायुक्त ने दोनों बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई नहीं छोड़नी चाहिए। जिला प्रशासन बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत कोविड-19 महामारी में माता-पिता या अभिभावकों को खो चुके बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।








