जामताड़ा के सभी प्रखंडों में जुलाई भर लगेगा ड्राइविंग लाइसेंस विशेष कैंप
जामताड़ा: जिले के सभी प्रखंडों में जुलाई माह के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता न पड़े।
इन शिविरों में लर्निंग लाइसेंस एवं स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा सड़क सुरक्षा नियमों, गुड सेमरिटन, राहवीर योजना और हिट एंड रन मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
कैंप का आयोजन जामताड़ा, मिहिजाम, नारायणपुर, पबिया, करमाटांड़, फतेहपुर, नाला और कुंडहित प्रखंडों में 2 जुलाई से 31 जुलाई तक निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों तथा प्रज्ञा एवं सीएससी केंद्रों को व्यापक प्रचार-प्रसार और ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।








