जामताड़ा में शनिवार को विभिन्न पंचायतों में योजनाओं की होगी विशेष जांच
जामताड़ा: जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए 27 जून (शनिवार) को विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर सभी प्रखंडों के लिए नामित वरीय पदाधिकारी संबंधित पंचायतों का दौरा कर संचालित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। अभियान का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन, सरकारी विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानें, पेयजलापूर्ति व्यवस्था, मनरेगा एवं आवास योजनाएं, स्वास्थ्य एवं उप-स्वास्थ्य केंद्र, 15वें वित्त आयोग से जुड़े कार्य, कल्याण छात्रावास, प्रशिक्षण संस्थानों सहित अन्य विकास कार्यों की जांच की जाएगी। अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में जांच प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करना होगा।
जांच अभियान के तहत जामताड़ा प्रखंड के दुलाडीह एवं शहरडाल, नारायणपुर के डाभाकेंद्र एवं पबिया, करमाटांड़ के करमाटांड़, नाला के मडालो, फतेहपुर के सिमलदुबी तथा कुंडहित के नगरी पंचायत का निरीक्षण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।








