मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए जामताड़ा में 27 व 29 जून को वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण
जामताड़ा: जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के सहयोग हेतु नामित वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण 27 एवं 29 जून को आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर यह प्रशिक्षण एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में दो पालियों में संपन्न होगा।
27 जून को पूर्वाह्न सत्र में नारायणपुर एवं करमाटांड़ (सारठ पार्ट) के कुल 229 वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि अपराह्न सत्र में जामताड़ा और करमाटांड़ प्रखंड के 232 वॉलंटियर्स प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वहीं 29 जून को पूर्वाह्न सत्र में फतेहपुर और कुंडहित के 196 तथा अपराह्न सत्र में नाला प्रखंड के 144 वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं, बीएलओ को सहयोग देने की जिम्मेदारियों तथा निर्वाचन कार्यों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी नामित वॉलंटियर्स को निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।








