वन विभाग की हरित पहल बनी मिसाल, डुमरा से पुतुलबोना तक सड़क किनारे लहलहा रहे हजारों पौधे
जामताड़ा: वन प्रमंडल जामताड़ा के निर्देश पर कुंडहित वन क्षेत्र के अंतर्गत डुमरा से पुतुलबोना जोड़िया तक सड़क किनारे लगाए गए हजारों पौधे आज हरियाली की सुंदर तस्वीर पेश कर रहे हैं। करीब एक वर्ष पूर्व लगाए गए ये पौधे अब तेजी से बढ़कर छोटे-छोटे पेड़ों का रूप लेने लगे हैं और राहगीरों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण का एहसास करा रहे हैं।
पौधारोपण अभियान की सफलता के पीछे वन विभाग के कैटल गार्ड संजय कुमार की नियमित देखरेख और मेहनत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने पौधों की सुरक्षा, सिंचाई तथा समय-समय पर उनकी निगरानी कर उन्हें संरक्षित रखा, जिसके परिणामस्वरूप अधिकांश पौधे सुरक्षित बढ़े हैं।
आज डुमरा से पुतुलबोना तक सड़क के दोनों ओर फैली हरियाली पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दे रही है। स्थानीय लोगों ने भी वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के पौधारोपण और संरक्षण अभियान से क्षेत्र का पर्यावरण संतुलित होगा, प्रदूषण में कमी आएगी तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।








