ई-पॉस सर्वर की सुस्ती से राशन वितरण प्रभावित, डीलरों पर बढ़ा दबाव
जामताड़ा जिले में ई-पॉस सिस्टम की तकनीकी समस्या के कारण जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण की रफ्तार पिछले चार दिनों से प्रभावित है। उक्त बातें जामताड़ा डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारी देव कुमार साव बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से चावल का वितरण सामान्य गति से हो रहा है, लेकिन राज्य सरकार के झारखंड पीडीएस पोर्टल पर चना, दाल, नमक, धोती-साड़ी समेत अन्य सामग्री के वितरण के दौरान सर्वर बेहद धीमा चल रहा है। इससे लाभुकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार बिना राशन लिए लौटना पड़ रहा है।
डीलर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मोहन प्रसाद भैया और मीडिया प्रभारी देव कुमार साव ने बताया कि सर्वर रांची स्थित एनआईसी से संचालित होता है। तकनीकी खराबी के बावजूद स्थानीय दुकानदारों पर वितरण जल्द पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सितंबर माह के चना-दाल वितरण का लगभग 78 प्रतिशत बैकलॉग अब भी लंबित है, जबकि 30 जून तक शत-प्रतिशत वितरण का लक्ष्य निर्धारित है।
जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी क्यूम अंसारी ने स्वीकार किया कि सर्वर धीमा होने की सूचना मिली है, जिससे वितरण प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर सूचना भेज दी गई है। सर्वर सामान्य होते ही राशन वितरण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।








