मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ, मतदान केंद्र का लिया जायजा
जामताड़ा। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 अभियान की शुरुआत के साथ जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 243 का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बीएलओ की तैयारियों का जायजा लिया गया तथा बीएलओ और बीएलए-2 के साथ बैठक कर अभियान की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि आगामी 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच आंशिक रूप से भरे गणना प्रपत्र की दो प्रतियों का वितरण करेंगे। मतदाताओं को एक प्रति आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरकर बीएलओ को वापस करनी होगी। अभियान के तहत नए मतदाताओं का पंजीकरण, त्रुटियों का संशोधन तथा नामों का सत्यापन किया जाएगा। स्पष्ट किया गया कि कोई भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा और सभी योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल किया जाएगा।
अधिकारियों ने पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए तथा मतदाताओं से निर्धारित समय पर गणना प्रपत्र भरकर मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करने की अपील की। वहीं जिला स्तर से नामित वरीय एवं प्रखंडवार नोडल अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एसआईआर से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।








