मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत मेगा प्लेसमेंट ड्राइव संपन्न, 8 युवाओं को मिला रोजगार, 30 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र
जामताड़ा: जिले में एक्सेल डेटा सर्विस द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सारथी योजना अंतर्गत मेगा स्किल सेंटर में शनिवार को मेगा प्लेसमेंट ड्राइव एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड कौशल विकास सोसाइटी (JSDMS) तथा श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 30 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं मेगा प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान विभिन्न कंपनियों ने चयन प्रक्रिया पूरी कर 8 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए, जिससे उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में जिला कौशल पदाधिकारी (डीएसओ) प्रशांत टुडू, यूएनडीपी (UNDP) के प्रतिनिधि प्रवीण सिंह तथा एक्सेल डेटा सर्विस के प्लेसमेंट हेड मोहम्मद रजाक अहमद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा मेगा स्किल सेंटर के सभी प्रशिक्षक, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु भी मौजूद रहे।
मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं स्थानीय नियोक्ताओं ने भाग लेकर प्रशिक्षुओं का साक्षात्कार लिया तथा योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। इस दौरान अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल विकास आज के समय में रोजगार प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने, नई तकनीकों को सीखने तथा उपलब्ध रोजगार के अवसरों का पूरा लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों एवं प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत आयोजित ऐसे कार्यक्रम युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही इस प्रकार के आयोजन राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।








