अस्मिता वूमेन साइक्लिंग सिटी लीग-2026 का सफल आयोजन, 160 महिला खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
खेलो इंडिया के तहत जामताड़ा में साइक्लिंग प्रतियोगिता संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
जामताड़ा: खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत अस्मिता वूमेन साइक्लिंग सिटी लीग-2026 का आयोजन जामताड़ा जिले के अंगूठिया मोड़, फतेहपुर-कुंडहित रोड पर उत्साह एवं खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 160 महिला एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ थाना प्रभारी फतेहपुर अमर सिंह तापेय, सेवानिवृत्त शिक्षक चन्द्रशेखर यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रभा देवी, पूर्व प्रमुख किरण बेसरा, मुखिया विभीषण मरांडी, जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डी.डी. भंडारी, संत एंथोनी स्कूल जामताड़ा के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, जेएसएलपीएस के बीपीएम परीक्षित कर्मकार, मिशन पब्लिक स्कूल के प्राचार्य पवन मंडल, शोभा कुमारी, अरुण मंडल, मनोज कुमार, मुकेश मंडल एवं हेमंत महतो ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। यूथ गर्ल्स वर्ग में सुहागी बास्की प्रथम, सलेखा खातून द्वितीय तथा गायत्री बास्की तृतीय स्थान पर रहीं। सब जूनियर गर्ल्स वर्ग में पलक कुमारी प्रथम, तनुश्री मंडल द्वितीय तथा निशा हांसदा तृतीय स्थान पर रहीं।
जूनियर गर्ल्स वर्ग में नयनतारा मरांडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आशा हेम्ब्रम द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि संजू सोरेन, रिया कुमारी एवं दीपिका हेम्ब्रम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
सीनियर महिला वर्ग में नेहा टुडू प्रथम, लक्ष्मी सोरेन द्वितीय तथा पूनम कुमारी हेम्ब्रम तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं मंतोषी सोरेन और रेशमा किस्कू ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
सुपर सीनियर एलिट ग्रुप में रबीना हेम्ब्रम ने प्रथम स्थान हासिल किया। बैजंती हांसदा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अरुणा टुडू एवं आशा हांसदा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को खेलों में उपलब्ध संभावनाओं और करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
जामताड़ा जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सलिल कुमार ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं एवं बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति की ओर से चुन्ना मंडल, सचिन पंडित, चंदन मंडल, अजय कपूर, महेश्वर मंडल, अर्जुन पंडित, उत्तम पंडित, सीताराम मंडल, शीतल रानी, पूजा मेहरिया, सपन राय, राहुल पंडित, करण राउत, स्वरूप दाँ, काकुली, सोनम, आशा हांसदा, बैजंती, चंपा, ज्योति, लक्ष्मी, देवयानी, विकास, अरुणा, सोनमुनी, शालू झा, मोहर्रम अंसारी, बबलू मंडल, उर्मिता एवं नित्यानंद पंडित सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि अस्मिता वूमेन साइक्लिंग सिटी लीग जैसे आयोजन महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान कर रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिल रही है।








