कुंडहित में मिलेट मिशन सह कृषक गोष्ठी आयोजित, किसानों के बीच अरहर बीज का वितरण
निजाम खान
जामताड़ा। कुंडहित प्रखंड मुख्यालय स्थित सदर पंचायत भवन में मंगलवार को मिलेट मिशन सह कृषक गोष्ठी का आयोजन प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) मनोरंजन मिर्धा की अध्यक्षता में किया गया। गोष्ठी में किसानों को मिलेट मिशन की विभिन्न योजनाओं, मोटे अनाज की खेती के लाभ, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा सरकारी कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को खेती में नई तकनीकों को अपनाने और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के दौरान किसानों की समस्याओं को भी सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। बीएओ मनोरंजन मिर्धा ने कहा कि मिलेट फसलों की खेती से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों का उपयोग करने की अपील की।
गोष्ठी के उपरांत एटीक सेंटर में किसानों के बीच अरहर के बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसानों ने बीज प्राप्त कर इसकी खेती करने की इच्छा जताई। कार्यक्रम में एटीएम अमीर हेंब्रम, गड़जोड़ी पंचायत के पूर्व मुखिया नंदलाल मरांडी, कृषक मित्र काजल राजवार सहित कई किसान उपस्थित रहे।








