विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने भरा एन्यूमरेशन फॉर्म
निजाम खान
जामताड़ा/रांची: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराई।
मौके पर रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत बनता है। उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं इस प्रक्रिया में भाग ले और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची के अद्यतन कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करे। उनका कहना था कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए आवश्यक है।
रवींद्रनाथ महतो ने “जागरूक मतदाता, सशक्त लोकतंत्र” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकेगा।








