मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण, गणना प्रपत्रों के संग्रहण व डिजिटाइजेशन में तेजी के निर्देश
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को जामताड़ा और मिहिजाम शहरी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जामताड़ा नगर क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 243, 245, 246, 251 एवं 252 तथा मिहिजाम नगर क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 339, 340, 341, 342, 353, 354 और 355 का जायजा लिया गया। उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर और वॉलंटियर्स से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा समयबद्ध तरीके से गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा। जिन केंद्रों पर प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप में दर्ज करना है। उन्होंने शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से विशेष शिविरों में पहुंचकर या ऑनलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाई जा सके।








