जामताड़ा। परिवहन विभाग एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में संचालित विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर के तहत शुक्रवार को कुंडहित प्रखंड कार्यालय में दो दिवसीय शिविर का समापन हुआ। शिविर के दूसरे एवं अंतिम दिन कुल 168 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच और सत्यापन किया गया।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले आवेदकों का टेस्ट लिया गया। इसमें 122 अभ्यर्थी सफल रहे, जिन्हें मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया। वहीं 46 आवेदक टेस्ट में सफल नहीं हो सके। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों में शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।








