जामताड़ा। जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित अनुश्रवण के उद्देश्य से शनिवार को सभी प्रखंडों में प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया तथा ग्रामीणों की समस्याओं से भी रूबरू हुए।
जांच अभियान के दौरान पंचायतों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानें, मनरेगा योजनाएं, कल्याण छात्रावास, प्रशिक्षण केंद्र, आवासीय विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति और अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनसमस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रखंडवार निरीक्षण में करमाटांड़ के सिकरपोसनी, नाला प्रखंड के नाला, फतेहपुर के जामजोरी, कुंडहित के बागडेहरी तथा जामताड़ा प्रखंड के रानीडीह पंचायतों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं परीक्ष्यमान उप समाहर्ताओं ने भी विभिन्न योजनाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।








