जामताड़ा। जिले में राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय कार्यालय प्रकोष्ठ में अंचल निरीक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, भूमि संबंधी मामलों तथा विभिन्न प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में लंबित म्यूटेशन एवं सुओ मोटू म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निपटारा करने, उत्तराधिकार एवं बंटवारा से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा भू-लगान वसूली में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र जारी करने से पहले भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करने तथा जाति, स्थानीय निवासी, आय और ओबीसी प्रमाण पत्रों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में भूमि हस्तांतरण से संबंधित मामलों में विवादरहित सरकारी भूमि की पहचान कर आवश्यक अभिलेखों सहित प्रस्ताव तैयार करने तथा प्राकृतिक या स्थानीय आपदाओं से प्रभावित लोगों को अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने के लिए जरूरी दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा के दौरान अस्वीकृत मामलों के कारणों की भी जांच की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निष्पादन करते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अंचल निरीक्षकों एवं संबंधित कार्यालय कर्मियों ने भाग लिया।








