गोड्डा स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन बायोडायवर्सिटी पार्क में झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पद्म भूषण से सम्मानित दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा झारखंड राज्य निर्माण, आदिवासी समाज के उत्थान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि दिशोम गुरु का संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा नई पीढ़ी को राज्य के इतिहास, संघर्ष और महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगी।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन जनसेवा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करना नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा झारखंड के विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।









