जामताड़ा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 5 अगस्त को एक साथ प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके साथ ही 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी, जबकि प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को होगा।
उन्होंने बताया कि प्रारूप सूची में जिले के कुल 5,06,781 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें 2,57,373 पुरुष, 2,49,404 महिला और 4 तृतीय लिंग मतदाता हैं। वहीं एएसडीडी श्रेणी में 64,193 मतदाता शामिल हैं।
दावा-आपत्ति अवधि के दौरान 8-9 अगस्त एवं 22-23 अगस्त को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जबकि 15 अगस्त को सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाएं होंगी। 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकेंगे। साथ ही मतदाता स्थानांतरण एवं संशोधन के लिए फॉर्म-8 की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों से अधिकाधिक मतदाताओं को जागरूक करने और विशेष पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई।








