जामताड़ा। जिले में खरीफ 2026 के लिए बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (बी-पीएमएफबीवाई) के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथ को रवाना किया गया। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ना तथा उन्हें फसल बीमा के लाभ, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देना है।
इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजना की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। किसानों को बताया गया कि वे अपने निकटतम प्रज्ञा केंद्र अथवा योजना के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
खरीफ 2026 के लिए योजना में नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। किसानों से अपील की गई कि वे अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण अवश्य करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में बीमा का लाभ मिल सके।
एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के जिला प्रबंधक ने सभी बैंक शाखाओं, कृषि एवं सहकारिता विभाग, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों तथा संबंधित संस्थाओं से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








