जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान समारोह स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, मंच, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, परेड, आगंतुकों के आवागमन सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने समारोह स्थल की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा अतिथियों एवं आमजनों की सुविधा के अनुरूप बैठने और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करें। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा अन्य सुरक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, एसडीपीओ, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, सार्जेंट मेजर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








