जामताड़ा जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पैरेड निरीक्षण के बाद राष्ट्रध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सरकार और जिले की उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम से पूर्व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। मंत्री ने वीर कुंवर सिंह, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा और सिदो-कान्हो की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया गया।
समाहरणालय में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि अनगिनत कुर्बानियों और वर्षों के संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली है। शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने में सभी अपना योगदान दें।
मौके पर पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।








