रांची: विद्या विकास पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘उन्नयन-2026’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस वर्ष समारोह की केंद्रीय थीम “शिक्षा की शाश्वत यात्रा” रही। विद्यार्थियों ने शिक्षा को ज्ञान के साथ संस्कार, संस्कृति, नवाचार और आत्म-विकास की निरंतर यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना के बाद विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अपनी इच्छाएँ न थोपने और उनकी रुचि व प्रतिभा के अनुसार क्षेत्र चुनने की स्वतंत्रता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता को केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं करना चाहिए।
समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ मुख्य आकर्षण रहीं। नृत्य, संगीत और नाट्य के माध्यम से गुरुकुल परंपरा से आधुनिक एवं वैज्ञानिक शिक्षा तक की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।









