झारसेवा की लंबित आवेदनों का शीघ्र करें निष्पादन: समीक्षा बैठक में निर्देश
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न डिजिटल सेवाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आईआरएडी/ई-डार पोर्टल, कॉमन सर्विस सेंटर (प्रज्ञा केंद्र), झारसेवा, विभिन्न प्रमाण पत्र, यूआईडीएआई, संचार मीनार और डिजिटल पंचायत सहित कई बिंदुओं पर जानकारी ली गई। जिले में कुल 1764 प्रज्ञा केंद्रों में 941 सक्रिय और 804 निष्क्रिय पाए गए। निष्क्रिय केंद्रों को जल्द सक्रिय करने का निर्देश दिया गया। लंबे समय से बंद केंद्रों पर आर्थिक दंड लगाने और आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस रद्द करने की बात कही गई।
प्रज्ञा केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और निर्धारित दर तालिका का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने को कहा गया। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने की शिकायत पर सख्त कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में झारसेवा पोर्टल की लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए पेंडेंसी शीघ्र समाप्त करने को कहा गया। भारत नेट कनेक्टिविटी से वंचित पंचायतों में सेवा जल्द बहाल करने का निर्देश दिया गया।
डिजिटल लाइब्रेरी को पुनः निविदा प्रक्रिया से जल्द शुरू करने तथा एनआईसी द्वारा विकसित विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम को अगले माह तक आमजनों के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई का निर्देश दिया गया। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाओं को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की तैयारी तेज करने को कहा गया।








