चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक
जामताड़ा। जिला चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सोमवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला चौकीदार नियुक्ति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान जामताड़ा जिले में चौकीदार की सीधी भर्ती के लिए प्रकाशित विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत नियुक्ति प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि चौकीदार भर्ती परीक्षा का परिणाम एवं मेधा सूची जारी की जा चुकी है, जबकि सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शेष है। नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण आगे की कार्रवाई प्रभावित हुई थी। अब उच्च न्यायालय, झारखंड, रांची द्वारा पारित आदेश के आलोक में नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने न्यायालय के आदेश एवं पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन से संबंधित सूचना स्थानीय समाचार पत्रों के साथ जिले की आधिकारिक वेबसाइट Jamtara.nic.in पर प्रकाशित करने को कहा।
इसके अलावा मेधा सूची के आधार पर बिट निर्धारण सहित नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को निर्धारित नियमों के तहत पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








