विधानसभा चालक सुरेश साव के निधन पर कर्मचारियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
रांची। झारखंड विधानसभा सचिवालय में चालक के पद पर कार्यरत सुरेश साव का शुक्रवार को असामयिक निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को अपराह्न दो बजे अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा परिसर लाया गया। इस दौरान विधानसभा के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत सुरेश साव को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने दिवंगत सुरेश साव के जीवन एवं विधानसभा में उनकी सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरेश साव का जन्म 11 जनवरी 1968 को पलामू जिले के जमुने गांव में हुआ था। उन्होंने 28 जुलाई 2004 को झारखंड विधानसभा में चालक के पद पर योगदान दिया था।
विधानसभा सचिवालय में लंबे समय तक सेवा देने वाले सुरेश साव के निधन से पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक की लहर है। शोकसभा के दौरान उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
प्रभारी सचिव ने शोकसभा में पढ़े गए शोक संदेश को दिवंगत सुरेश साव के परिजनों तक प्रेषित करने का निर्देश दिया। उपस्थित सभी लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।








