भागवत झा आजाद इंटर कॉलेज कुंडहित में शिक्षक प्रतिनिधि व दानदाता सदस्य चयन को लेकर बैठक
जामताड़ा: कुंडहित स्थित भागवत झा आजाद इंटर कॉलेज में प्राचार्य श्यामली फौजदार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासी निकाय के पुनर्गठन को लेकर शिक्षक प्रतिनिधि एवं दानदाता सदस्य के चयन पर चर्चा की गई। इस दौरान कॉलेज के सभी कर्मचारी एवं आसपास के शिक्षा प्रेमी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि शिक्षक प्रतिनिधि के चयन के लिए 6 अगस्त 2026 को शिक्षकों की बैठक हुई थी। इसमें सर्वसम्मति से गौतम कुमार चंद को शिक्षक प्रतिनिधि चुना गया। इसके बाद 8 अगस्त 2026 को दानदाता सदस्य के चयन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
प्राचार्य श्यामली फौजदार ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत भागवत झा आजाद इंटर कॉलेज के बैंक खाते में न्यूनतम 25 हजार रुपये जमा करने वाले व्यक्ति को दानदाता सदस्य के रूप में सदस्यता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति अभी भी निर्धारित राशि कॉलेज के बैंक खाते में जमा कर दानदाता सदस्य बन सकते हैं।
दानदाता सदस्य के लिए आवेदन और राशि जमा करने की समय-सीमा 15 दिन निर्धारित की गई है। बैठक में कॉलेज के विकास एवं शासी निकाय के पुनर्गठन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्राचार्य ने इच्छुक लोगों से निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।








