दुर्गा पूजा को लेकर चार थाना क्षेत्रों में पुलिस का फ्लैग मार्च,मैदान पर स्वयं उतरे पुलिस कप्तान शंभू कुमार सिंह
निजाम खान
जामताड़ा: दुर्गा पूजा 2026 के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को जामताड़ा जिले के चार थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश और नेतृत्व में जामताड़ा, मिहिजाम, करमाटांड़ एवं नारायणपुर थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।
फ्लैग मार्च में जिला पुलिस के पदाधिकारियों के साथ आईआरबी और क्यूआरटी के जवान शामिल हुए। इसका उद्देश्य आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का विश्वास कायम करना और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह नहीं फैलाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा, नगर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक सह जिला नियंत्रण कक्ष प्रभारी, जामताड़ा थाना प्रभारी, पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर एवं परिचारी सहित संबंधित थाना प्रभारी, कनीय पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।








