दुर्गा पूजा को लेकर जामताड़ा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 160 स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात
निजाम खान
जामताड़ा: दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। इस संबंध में उपायुक्त आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के 160 स्थानों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा सशस्त्र एवं लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पूजा पंडालों, मेला स्थलों, विसर्जन मार्गों और जलाशयों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें, आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में सात क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं। विशेष पेट्रोलिंग के लिए बाइक दस्ते भी तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत एंबुलेंस और मेडिकल टीम को तैयार रखा जाएगा। अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेंगे।
मिहिजाम में 17 से 21 अक्टूबर तक शाम 5:30 बजे से रात 10 बजे तक मुख्य सड़क से बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा।







