विधानसभाध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने नेमरा पहुंचकर स्वर्गीय रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार के प्रति जताया संवेदना
रिपोर्ट::निजाम खान
रामगढ़: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के संस्कार भोज में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
रूपी सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि मां को खोने का दुख जीवन की सबसे गहरी पीड़ाओं में से एक है। मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद हर व्यक्ति के जीवन की अनमोल धरोहर होते हैं। उनके जाने से उत्पन्न खालीपन को कभी पूरी तरह भरा नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में परिवार के दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ऐसे समय में अपनों का साथ और संवेदनाएं दुख सहने की शक्ति प्रदान करती हैं।
रवींद्रनाथ महतो ने ईश्वर से दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उनके नेमरा पहुंचने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान शोक और संवेदना का माहौल रहा।







