विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को किया नमन
रिपोर्ट:निजाम खान
रांची: भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा परिसर स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके योगदान को देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी समाज के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर समाज में जागरूकता और आत्मसम्मान की अलख जगाई। उनका जीवन आज भी अन्याय, शोषण और असमानता के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श और विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। शहादत दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।









