बिरसा हरित ग्राम योजना से किसानों की आय में हो रही वृद्धि : बीडीओ जमाले राजा
रिपोर्ट:निजाम खान
कुंडहित/जामताड़ा: बुधवार को कुंडहित प्रखंड परिसर में बिरसा हरित ग्राम योजना (मनरेगा) के अंतर्गत एक दिवसीय आम महोत्सव बिक्री-सह-प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ जमाले राजा ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना मनरेगा की सबसे सफल एवं दूरगामी योजनाओं में से एक है। इस योजना के माध्यम से प्रखंड क्षेत्र में आम बागवानी का दायरा लगातार बढ़ा है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक रूप से किसानों को सशक्त नहीं बना रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
बीडीओ ने कहा कि कुंडहित क्षेत्र आम उत्पादन की दृष्टि से काफी संभावनाओं वाला क्षेत्र है। यहां से 40 से 50 किलोमीटर की परिधि में कई बड़े बाजार उपलब्ध हैं, जहां किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सकता है। उन्होंने सखी मंडल की दीदियों एवं किसानों को आम की वैज्ञानिक तरीके से तुड़ाई, भंडारण एवं विपणन करने की सलाह दी। साथ ही नाला स्थित कोल्ड स्टोरेज का उपयोग कर आम को सुरक्षित रखने तथा ऑफ सीजन में बेहतर कीमत पर बिक्री करने का सुझाव दिया।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जो किसान आम बागवानी से जुड़ना चाहते हैं, वे बिना किसी संकोच के पंचायत कर्मियों, पंचायत सेवकों अथवा प्रखंड कार्यालय से संपर्क करें। प्रशासन किसानों को योजना का लाभ दिलाने तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी योजना की सराहना करते हुए किसानों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में इससे जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा बरी- बरी से सभी स्टॉल निरीक्षण किया गया। स्टॉल में विभिन्न प्रकार के आम को देखकर काफी सराहना किया।








