योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने पंचायतों में चला निरीक्षण अभियान
जामताड़ा। जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को सभी प्रखंडों में प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों द्वारा पंचायतों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनकी वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों, मनरेगा योजनाओं, कल्याण छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों, आवासीय विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया। साथ ही पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं, योजनाओं की प्रगति तथा आवश्यक सुधार संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की।
निरीक्षण अभियान के तहत करमाटांड़ (विद्यासागर) प्रखंड के बरमुंडी पंचायत, जामताड़ा प्रखंड के बड़जोड़ा पंचायत, फतेहपुर प्रखंड के डुमरिया पंचायत तथा कुंडहित प्रखंड के खाजुरी पंचायत में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जांच की गई।
प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।








