अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जामताड़ा में जिला स्तरीय योगाभ्यास आयोजित
जामताड़ा: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर भवन दुलाडीह में कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा एवं अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने भी वर्तमान समय में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
योग प्रशिक्षक ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और नाड़ीशोधन जैसे प्राणायाम का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत सभी को नशामुक्त जामताड़ा बनाने की शपथ भी दिलाई गई। जिले के सभी प्रखंडों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं सखी मंडलों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।








