नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जिलेभर में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
जामताड़ा। निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी पर रोक लगाने तथा आमजनों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में विशेष नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 26 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत हाट-बाजारों, विद्यालयों, चौक-चौराहों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एलईडी वैन, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं बुकलेट के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है। आमजनों को बताया जा रहा है कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे परिवार, समाज और आर्थिक स्थिति पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
जागरूकता अभियान के दौरान संदेशपरक ऑडियो-वीडियो सामग्री का प्रसारण किया जा रहा है। वहीं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे की लत से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा करना है, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।








