उद्योग योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी, रोजगार मेले बढ़ाने के निर्देश
जामताड़ा। समाहरणालय में उद्योग, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), पीएम एफएमई और पीएम विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उद्योग विभाग की योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप धीमी प्रगति और बैंकों द्वारा बड़ी संख्या में आवेदन अस्वीकृत किए जाने पर चिंता जताई गई। बताया गया कि विभाग की ओर से भेजे गए आवेदनों में केवल 10 से 15 प्रतिशत ही स्वीकृत हुए हैं। इस पर सभी प्रखंडों के अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ते हुए बैंकों को ज्यादा आवेदन भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैंकों से अस्वीकृत आवेदनों का वैध कारण सहित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में नियोजन एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि जिले में वर्तमान में 11,612 बेरोजगार युवा जिला नियोजनालय में निबंधित हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नियमित रोजगार मेला और भर्ती कैंप आयोजित करने, नियोक्ताओं से समन्वय बढ़ाने तथा चयनित युवाओं को रोजगार में निरंतर बने रहने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षण, प्लेसमेंट और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में उद्योग एवं नियोजन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








