नारायणपुर में ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर, 98 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस
जामताड़ा: परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को नारायणपुर प्रखंड के पबिया पंचायत भवन में आयोजित विशेष शिविर के प्रथम दिन लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में कुल 150 लोगों ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया।
सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच एवं सत्यापन किया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोजित टेस्ट में सफल 98 पात्र आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। वहीं 52 आवेदक टेस्ट में सफल नहीं हो सके।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विशेष शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही लाइसेंस संबंधी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।








