सदर अस्पताल में तोड़फोड़ के बाद डीसी ने किया निरीक्षण, उच्चस्तरीय जांच के निर्देश
जामताड़ा। सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद हुई तोड़फोड़ की घटना के मद्देनजर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को अस्पताल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, निबंधन काउंटर, लेबर रूम और अन्य प्रभावित स्थानों का निरीक्षण किया तथा अस्पताल प्रबंधन से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह कार्यशील रखने और स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा।
उपायुक्त ने आईसीयू और जनरल वार्ड का भी निरीक्षण किया तथा आईसीयू को जल्द से जल्द चालू करने के लिए आवश्यक संसाधन और औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। जिला प्रशासन गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और अस्पताल की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।








