झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त संपन्न
जामताड़ा। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2024 रविवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई। कुल 4,380 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,060 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 3,320 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थियों की उपस्थिति, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को गोपनीयता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष पूरे दिन सक्रिय रहा और सभी परीक्षा केंद्रों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया। परीक्षा के सफल संचालन के लिए नोडल पदाधिकारी द्वारा भी सतत निगरानी की गई।
परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन पर प्रशासन ने सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।








