जामताड़ा जनता दरबार में 50 से अधिक शिकायतों की सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जामताड़ा: समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, आपसी बंटवारा, मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास, बिजली बिल, गलत मीटर रीडिंग, राशन कार्ड, आधार कार्ड, ट्रांसफर सर्टिफिकेट तथा निर्माण कार्यों में अनियमितता जैसे मामले शामिल रहे। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
जनता दरबार में चलने-फिरने में असमर्थ और बीमार व्यक्ति का आधार कार्ड घर जाकर बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं एक छात्रा को पॉलिटेक्निक कॉलेज से स्थानांतरण प्रमाण पत्र दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। मईया सम्मान योजना से जुड़ी शिकायतों की भी सुनवाई हुई, जिसमें कई मामलों में लाभुकों के बैंक खातों में राशि पहले से जमा होने की पुष्टि हुई।
भूमि विवाद, गोचर भूमि पर अतिक्रमण, अवैध म्यूटेशन और फॉरेस्ट लैंड से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।








