मतदाता सूची पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजर सम्मानित
जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत एन्यूमरेशन चरण में गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 09-जामताड़ा सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रशस्ति पत्र, शॉल और मोमेंटो प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
सम्मानित बीएलओ में अंजना देवी, ममता देवी, कुलसुम खातून, शमीमा खातून, सपना माझी, जमीला परवीन और गीता बाउरी शामिल हैं। वहीं बीएलओ सुपरवाइजर के रूप में पोम्पा माजी, अमरेन्द्र कुमार झा, बीरेन चन्द्र मुर्मू और शीशु धीवर को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनंत कुमार ने कहा कि बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी निष्ठा, दक्षता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया। निर्धारित अवधि से पहले कार्य संपन्न कर उन्होंने उत्कृष्ट कार्यकुशलता का परिचय दिया है। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मियों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के आगामी चरणों में भी वे इसी समर्पण और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।








