अबुआ आवास योजना को मिली बड़ी गति, जामताड़ा जिले के लिए 32 करोड़ रुपये आवंटित
जामताड़ा: अबुआ आवास योजना के तहत लंबित आवास निर्माण कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने 24 जिलों के लिए कुल 490 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इसमें जामताड़ा जिले को 32 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
बताया गया कि अबुआ आवास योजना के तहत लाभुकों को दूसरी और तीसरी किस्त की राशि मिलने में हो रही देरी को लेकर झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने विगत दिनों विभागीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से बातचीत कर मामले में शीघ्र पहल करने का निर्देश दिया था।
अध्यक्ष के प्रयास के बाद जामताड़ा जिले को 32 करोड़ रुपये की राशि आवंटित किए जाने से अबुआ आवास योजना के लाभुकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। राशि उपलब्ध होने के बाद लंबित लाभुकों के खातों में दूसरी और तीसरी किस्त की राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया तेज होगी।
इससे जिले में अधूरे पड़े अबुआ आवासों के निर्माण कार्य को गति मिलेगी और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को जल्द अपना पक्का आवास मिल सकेगा।








