जामताड़ा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामपुर अंबा में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित
निजाम खान
जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रामपुर अंबा में शनिवार को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना तथा उन्हें नियमित रूप से शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंबा पंचायत के मुखिया दुलु सिंह टुडू उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और शिक्षकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय वाद्यकर ने बताया कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को काफी सुविधा होगी। इससे उनकी उपस्थिति में भी सकारात्मक सुधार होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान सहायक अध्यापक संदीप कुमार घोष, सहायक अध्यापक रुपलाल हेम्ब्रम, सहायक आचार्य धरम दास घोष सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।








