सीपीग्राम पोर्टल पर प्राप्त सभी जन शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पादन
जामताड़ा। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को सीपीग्राम (केंद्रीय लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली) पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एवं प्राप्त शिकायतों की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी शिकायतों का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत माह सीपीग्राम पोर्टल पर कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनका शत-प्रतिशत समाधान कर दिया गया है। वर्तमान में पोर्टल पर कोई भी शिकायत लंबित नहीं है, जो प्रशासन की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सीपीग्राम पोर्टल पर दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करते हुए कार्रवाई प्रतिवेदन (एक्शन टेकन रिपोर्ट) निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।








