दुमका में आगामी 9 अगस्त को आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, मंच सज्जा, बैठने की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगंतुकों और प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम, ट्राइबल फैशन शो, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक गीत-संगीत की प्रस्तुतियों तथा अतिथियों के स्वागत और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही दुमका के जीआई टैग प्राप्त उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं को विशेष स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित करने की योजना पर जोर दिया गया, ताकि स्थानीय विरासत और उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके।
इसके अलावा शिक्षा, साहित्य, खेल, कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को महोत्सव के दौरान सम्मानित करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण की तैयारियां भी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।









