जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में नगर पंचायत जामताड़ा और नगर परिषद मिहिजाम के विकास कार्यों एवं संचालित योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, राजस्व संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, शहरी जलापूर्ति, पीएम आवास योजना (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान नगर निकायों में स्वीकृत, पूर्ण और लंबित योजनाओं की जानकारी ली गई तथा होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस सहित अन्य मदों में वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोगों को ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान के लिए जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में लेगेसी वेस्ट मैनेजमेंट, शहरी जलापूर्ति तथा सभी वार्डों में संसाधनों का समान वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जामताड़ा नगर पंचायत में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र एवं नगर भवन के लिए उपयुक्त भूमि चयन कर नियमानुसार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा शहर की स्वच्छता, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।








