विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को गोड्डा के सुभ्मदा बैंक्वेट हॉल में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आयोजन समिति के सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समारोह के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में समारोह में आमंत्रित अतिथियों के स्वागत, मंच प्रबंधन, विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झारखंडी लोक नृत्य और नाटक, प्रतिभाओं के सम्मान समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को आकर्षक ढंग से आयोजित किया जाए, ताकि जिले की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को बेहतर तरीके से प्रदर्शित किया जा सके। साथ ही समारोह में आने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
बैठक में विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा कर सभी अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर तैयारियां पूरी करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।









