जामजोरी पंचायत में चोरों का आतंक, घर से नकदी समेत चांदी-कांसे के बर्तन चोरी
फोचकापाड़ा टोला में 11 हजार रुपये नकद, करीब 400 ग्राम चांदी और कांसे के बर्तन ले गए चोर, दूसरे घर में चोरी का प्रयास विफल
फतेहपुर प्रखंड के जामजोरी पंचायत क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार की देर रात चोरों ने राधामठ के फोचकापाड़ा टोला निवासी कामदेव राय के घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत चांदी और कांसे के बर्तन चोरी कर लिए। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार चोरों ने रात करीब 12 बजे से 1:30 बजे के बीच घर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर से करीब 11 हजार रुपये नकद, लगभग 400 ग्राम चांदी तथा कांसे की करीब 10 थालियां चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
दूसरे घर में भी चोरी का प्रयास
बताया गया कि इसी रात घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर बाबुशर मरांडी के घर में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया। हालांकि, घर के सदस्य के जाग जाने के कारण चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
बाबुशर मरांडी ने बताया कि रात करीब दो बजे वह पानी पीने के लिए उठे थे। इसी दौरान उन्हें घर के बाहर कुछ आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब उन्होंने बाहर की ओर ध्यान दिया तो कुछ लोगों को वहां से भागते हुए देखा। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना
ग्रामीणों के अनुसार जामजोरी पंचायत क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 12 जुलाई 2026 को लकड़टंगा गांव निवासी राजदेव मरांडी के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पीड़ित कामदेव राय ने फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जांच करने, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
वहीं, चोरी में हुए वास्तविक नुकसान और घटना में शामिल लोगों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।








