रांची: झारखंड विधानसभा परिसर में 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्रीगण और विधानसभा के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि पूर्वजों ने झारखंड को प्राकृतिक संपदा से समृद्ध और हरा-भरा स्वरूप प्रदान किया है। इस प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना वर्तमान पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि वन और पर्यावरण संरक्षण को व्यापक जनअभियान बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करे, तो झारखंड को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।









