जामताड़ा पुलिस को राज्य सरकार की ओर से 14 नए चारपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पुलिस लाइन परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार एवं अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
इस अवसर पर जामताड़ा पुलिस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि नए वाहनों से पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार आएगा। इससे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वाहनों की उपलब्धता पुलिस बल के मनोबल को भी बढ़ाएगी।
उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक जामताड़ा पुलिस को कुल 28 डायल बोलेरो वाहन और 40 अपाची बाइक प्राप्त हो चुकी हैं। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक, एसडीपीओ जामताड़ा, सार्जेंट मेजर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।








