ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा आलोक कुमार ने आज समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान नाला विधानसभा क्षेत्र-08 एवं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र-09 से संबंधित ईवीएम कक्षों को नियमानुसार खोला गया। जांच एवं निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों कक्षों को निर्धारित नियमों के तहत पुनः सील कर दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं क्रियाशीलता, अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता व कार्यशीलता तथा परिसर की साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का प्रत्येक माह बाहरी एवं प्रत्येक तीन माह में अंदरूनी निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के बाद जांच प्रतिवेदन मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग को भेजा जाता है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्य प्रकाश, अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








